
बिहार, हरियाणा और ओडिशा में राज्यसभा की 11 सीटों के लिए वोटिंग जारी है. बिहार में एनडीए की तरफ से सभी विधायकों ने वोट डाल दिए हैं. वहीं महागठबंधन की तरफ से 37 विधायकों ने ही वोट डाले हैं. आरजेडी के 24 विधायक ही आज वोट डालने पहुंचे. कांग्रेस के तीन विधायकों के अलावा आरजेडी विधायक फैसल रहमान से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है. बीजेपी यहां सभी 5 सीटें जीतने का दावा कर रही है. आरजेडी को एक सीट जीतने के लिए कम से कम 41 वोटों की जरूरत है. ऐसे में उसे अभी 4 और वोटों की जरूरत है. उधर ओडिशा में भी बीजेडी के 2 विधायक लापता बताए जा रहे हैं. हालांकि नवीन पटनायक की पार्टी ने भरोसा जताया है कि उसके सारे विधायक एकजुट हैं.
दरअसल इस बार राज्यसभा में खाली हुई 37 सीटों में से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं, जबकि बाकी 11 सीटों के नतीजे आज शाम घोषित किए जाएंगे. इस चुनाव में बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं. वोटिंग पूरी होने के बाद आज शाम को ही मतगणना होने के साथ राज्यसभा चुनाव के नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे.
