
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित घर में 13 वर्षों से मृतप्राय अवस्था में पड़े हरीश राणा को एम्स में भर्ती करा दिया गया है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनके पैसिव यूथेनेशिया के प्रोसेस को शुरू कराया गया है. लाइफ सपोर्ट सिस्टम धीरे-धीरे हटाया जा रहा है. इस बीच सोशल मीडिया पर गाजियाबाद स्थित घर से हरीश का आखिरी वीडियो सामने आया है.
घर में कराया गया राजयोग
वायरल वीडियो में एक महिला हरीश राणा को आखिरी विदाई देती दिख रही हैं. ये महिला ब्रह्माकुमारी की बहनें थीं. बता दें कि हरीश को एम्स ले जाने से पहले ब्रह्मकुमारी बहनें अशोक राणा के घर पहुंचीं और फिर हरीश के घर पर राजयोग कराया गया. इसके बाद उन्हें आखिरी विदाई दी गई. यह वीडियो काफी भावुक कर देने वाला है.
वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो में ब्रह्मकुमारी ने हरीश राणा को टीका लगाने के बाद सिर पर हाथ फेरते हुए कहा कि सबको माफ करते हुए, सबसे माफी मांगते हुए जाओ हरीश. इसी पल का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. बता दें कि हरीश पिछले 13 साल से बेड पर थे. उनके माता-पिता ने इच्छामृत्यु की मांग की थी, जिसकी अनुमति बीते 11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने दिया था. इसके बाद ब्रह्मकुमारी बहनों ने शुक्रवार को उनके राज एंपायर सोसायटी स्थित घर पहुंचकर आखिरी विदाई दी.
