
सुप्रीम कोर्ट में संभल की शाही जामा मस्जिद सर्वे मामले पर सोमवार को सुनवाई हुई. कोर्ट ने कहा कि तीन सप्ताह बाद इस मामले में सुनवाई होगी. सुप्रीम कोर्ट ने संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे के लिए एडवोकेट कमिश्नर नियुक्त करने के आदेश के खिलाफ दाखिल मस्जिद कमेटी की याचिका पर सुनवाई की. मामले की सुनवाई जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की बेंच ने की. सुनवाई के दौरान अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने इस मामले में काउंटर एफिडेविट दाखिल कर दिया है.
क्या बोले मस्जिद कमेटी के वकील
इस पर जस्टिस नरसिम्हा ने कहा कि इसे सर्कुलेट किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि फाइलिंग की अखंडता बनी रहे. वहीं मस्जिद कमेटी की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता हुजेफा अहमदी ने कहा कि मामला दो हफ्ते बाद सुना जाए क्योंकि अभी रमज़ान चल रहा है. इस पर कोर्ट ने कहा कि यह केवल अंतरिम आदेश के खिलाफ याचिका है और मामले का निपटारा तीन हफ्ते बाद किया जाएगा.
